जीएसटी दरों में कटौती लागू होने से एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) ने रविवार को स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने की पुरजोर वकालत की।
उन्होंने कहा कि अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार भारत की वृद्धि गाथा को गति देंगे, कारोबारी सुगमता को बढाएंगे और अधिक निवेशकों को आकर्षित करेंगे।
मोदी ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में कहा, नवरात्र के पहले दिन से ‘जीएसटी बचत उत्सव’ शुरू होगा और आयकर छूट के साथ यह ज्यादातर लोगों के लिए ‘दोहरा लाभ’ होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि विकास की दौड़ में सभी राज्य समान हितधारक होंगे।
उन्होंने राज्यों से ‘आत्मनिर्भर भारत’ और स्वदेशी अभियानों को ध्यान में रखते हुए विनिर्माण को गति देने का आग्रह किया।
मोदी ने कहा, नवरात्र के पहले दिन, देश आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण और बड़ा कदम उठाने जा रहा है।
कल सूर्योदय के साथ, अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार लागू हो जाएंगे। कल से ‘जीएसटी बचत उत्सव’ शुरू होगा।
उन्होंने कहा, आप अपनी पसंद की वस्तुएं ज्यादा आसानी से खरीद पाएंगे इससे गरीब, मध्यम वर्ग, नव मध्यम वर्ग, युवा, किसान, महिलाएं, व्यापारी और दुकानदार लाभान्वित होंगे।
मोदी ने कहा कि त्योहारों के इस मौसम में सभी की खुशियां बढ़ेंगी। उन्होंने अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों के लिए सभी को बधाई दी।
मोदी ने कहा, ये सुधार भारत की वृद्धि गाथा को गति देंगे, कारोबारी सुगमता को बढ़ाएंगे और अधिक निवेशकों को आकर्षित करेंगे।
