जिले में नशे से होने वाली मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। मेहतपुर इलाके में ड्रग्स ओवरडोज के कारण एक सप्ताह के भीतर तीसरी मौत का मामला सामने आया है। ताजा घटना में मेहतपुर बस स्टैंड के पास 23 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान गांव खुरमपुर के रहने वाले अनमोल के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, 11 मार्च को मेहतपुर के बस स्टैंड के पास झाड़ियों में युवक का शव पड़ा मिला। शव के पास से सिरिंज भी बरामद हुई है। पुलिस ने आशंका जताई है कि युवक की मौत ड्रग्स ओवरडोज के कारण हुई हो सकती है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी मेहतपुर क्षेत्र में बीते 72 घंटों के भीतर दो अन्य युवकों की मौत हो चुकी है। 7 मार्च को कबड्डी खिलाड़ी वंशदीप की मौत हुई थी, जबकि 10 मार्च को गांधी कैंप के पास रेलवे लाइन के नजदीक गढ़ा के रहने वाले एक युवक का शव मिला था।

इस मामले में मृतक के परिजनों का कहना है कि अनमोल किसी तरह का नशा नहीं करता था। हालांकि शव के पास सिरिंज मिलने के बाद पुलिस ने ओवरडोज की आशंका के तहत जांच शुरू कर दी है। उधर पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना स्तर पर बदलाव भी किए हैं। एसएसपी के आदेश पर मेहतापुर थाने के एसएचओ पंकज कुमार का तबादला कर दिया गया है और उनकी जगह इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। पुलिस का कहना है कि इलाके में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान तेज किया जाएगा और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights