आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह ने पार्टी विधायक मेहराज मलिक की गिरफ्तारी का विरोध किया किया है। संजय सिंह पार्टी विधायक के समर्थन में जम्मू–कश्मीर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले थे इसे पहले ही पुलिस ने श्रीनगर के गेस्ट हाउस में नजरबंद कर दिया। संजय ने सोशल मीडिया पर वीडिया जारी कर बताया कि “हमें शांतिपूर्ण धरना करने से रोका गया, मैं नगर के गेस्ट हाउस में नजरबंद हूं। 

संजय सिंह से मिलने पहुंचे फारूख अब्दुल्ला
संजय सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि जम्मू–कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूख अब्दुल्ला उनसे मिलने सरकारी गेस्ट हाउस पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें अंदर जाने की इजाज़त नहीं दी। संजय सिंह ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा, “अगर एक पूर्व मुख्यमंत्री को भी मिलने की अनुमति नहीं है तो यह तानाशाही नहीं तो और क्या है?”

नज़रबंदी को लेकर घाटी में गरमाई सियासत 
इस घटनाक्रम को लेकर विपक्षी दलों में नाराज़गी देखने को मिल रही है। वहीं प्रशासनिक स्तर पर अब तक आधिकारिक तौर पर कोई बयान सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में जम्मू–कश्मीर में विपक्षी नेताओं की गतिविधियों पर रोक और नज़रबंदी जैसे आरोप लगातार लगते रहे हैं। इस ताज़ा प्रकरण ने एक बार फिर घाटी की सियासत को गरमा दिया है।

मेहराज मलिक गिरफ्तार 
आप को बता दें कि ‘आप’ की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष मलिक को सोमवार को डोडा जिले में सार्वजनिक व्यवस्था को कथित रूप से बिगाड़ने के लिए कड़े कानून के तहत हिरासत में लिया गया था और बाद में उन्हें कठुआ जिला जेल में रखा गया। ‘आप’ के वरिष्ठ नेता इमरान हुसैन के साथ यहां पहुंचे सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह (मलिक के खिलाफ पीएसए लगाना) अवैध और असंवैधानिक है। यह एक निर्वाचित सदस्य की आवाज को दबाने का प्रयास है। 

आतंकवादियों के खिलाफ इस्तेमाल की जाने वाली लगाई धारा 
पीएसए लगाना सौ फीसदी गलत है।” सिंह ने कहा, ‘‘आतंकवादियों के खिलाफ इस्तेमाल की जाने वाली धारा एक निर्वाचित सदस्य पर अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के लिए आवाज उठाने के लिए लगाई गई है। यह बहुत गलत है।” उन्होंने कहा, ‘‘हम इस अन्याय के खिलाफ सड़कों पर, संसद में और यदि आवश्यक हुआ तो उच्चतम न्यायालय में लड़ेंगे।

दमनकारी रणनीति अपना रही बीजेपी- संजय सिंह का आरोप
उन्होंने भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर दमनकारी रणनीति अपनाकर ‘आप’ को निशाना बनाने का आरोप लगाया। सिंह ने कहा, ‘‘उन्होंने पहले अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और मुझे भी जेल में डाला है। आज मेहराज मलिक को भी जेल में डाल दिया गया है।” ‘आप’ नेता ने कहा कि वे पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने और ‘‘राजनीतिक उत्पीड़न” के खिलाफ प्रदर्शन में अगले कदम की रणनीति बनाने के लिए जम्मू में हैं। 

मलिक को हिरासत में लिये जाने के खिलाफ मंगलवार को डोडा और जम्मू-कश्मीर के अन्य स्थानों पर हुए प्रदर्शनों के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पों में दो अधिकारियों समेत कम से कम आठ पुलिसकर्मी घायल हो गये थे। 
 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights