जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में आगामी गणतंत्र दिवस और ऊंचाई वाले इलाकों में आतंकवादियों के दो समूहों की मौजूदगी की सूचना के मद्देनजर सुरक्षा बल ‘पूरी सतर्कता’बरत रहे हैं। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

डोडा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप मेहता ने बताया कि पुलिस ने राष्ट्रविरोधी तत्वों, खास तौर पर आतंकवादियों की मदद करने वालों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है।

पुलिस ने पिछले दो हफ्तों में ऐसे नौ लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। पिछले वर्ष डोडा में पांच सुरक्षाकर्मियों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी और चार आतंकवादी मारे गए थे। जिले में हाल के महीनों में आतंकवाद की घटनाएं बढ़ी हैं।

एसएसपी ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया, ‘‘डोडा की सीमा कई जिलों और हिमाचल प्रदेश से लगती है, इसलिए जिले में सक्रिय आतंकवादियों की सही संख्या बताना संभव नहीं है… आतंकवाद से निपटने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।’’ मेहता ने कहा कि आगामी गणतंत्र दिवस के मद्देनजर सभी सुरक्षा चौकियां ‘हाई अलर्ट’ पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights