जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला और कहा कि चुनाव से पहले नीतीश कुमार झूठा नियुक्ति पत्र बांट रहे हैं।
“अब बिहार की जनता बदलाव चाहती है”
किशोर ने शनिवार को नालंदा जिले के एकंगसराय स्थित सुखदेव हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित बिहार बदलाव सभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए नीतीश कुमार पर हमला बोला और कहा कि चुनाव से पहले मुख्यमंत्री झूठा नियुक्ति पत्र बांट रहे हैं, लेकिन अब बिहार की जनता बदलाव चाहती है, अफसरों के राज से मुक्ति चाहती है। इस बार नालंदा की जनता ने नीतीश कुमार की विदाई की तैयारी कर ली है।
जनसुराज के सूत्रधार ने नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव का कलम बांटना वैसा ही है जैसे जंगल में शेर दूध बांटने लगे। यदि जंगल में शेर दूध बांटता है तो इसका मतलब है कि वो दूध दिखाकर आपका शिकार करने वाला है। उसी तरह तेजस्वी यादव कलम दिखाकर बिहार की जनता को बर्बाद करने वाले हैं। तेजस्वी यादव कलम वाले लोग नहीं हैं, ये सब कट्टा वाले लोग हैं।
