नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने आप के कुनबे में सेंधमारी कर दी है। नामांकन वापस लेने से ठीक एक दिन पहले कांग्रेस ने बड़ा उलटफेर किया है। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार ही कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। आप की इस विकेट को उड़ाने में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को खुद मैदान में उतरना पड़ा है। दरअसल मैदान छोडऩे वाले आप उम्मीदवार ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद यह फैसला किया है। आम आदमी पार्टी ने इंजनघर वार्ड से सुधीर कुमार को टिकट दिया था, लेकिन मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद वे अब कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। इसके अलावा कांग्रेस ने अपने बागी प्रत्याशियों को भी मना लिया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात के बाद ही कंगनाधार से निर्दलीय मैदान में उतरी नीलम वर्मा भी मैदान छोडऩे को तैयार हो गई हैं। कांग्रेस ने इससे पहले खलीणी वार्ड से हीरा लाल चौहान को भी मनाने का दावा किया है। सुधीर कुमार ने कहा कि जिस तरह से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने तीन माह के कार्यकाल में महत्त्वपूर्ण फैसले लिए हंै, उनको देखते हुए उन्होंने कांग्रेस का दाम थामा है।

सुधीर कुमार पहले 25 सालों से कांगेे्रस के साथ जुड़े रहे और हाल में उन्होंने आप का दामन थामा था और अब फिर से कांग्रेस पार्टी में वापसी की है। कंगनाधार से नीलम वर्मा ने कहा की मुख्यमंत्री से मिलने के बाद उन्होंने कांग्रेस पार्टी के पक्ष में अपना नामांकन वापस लेने का निर्णय लिया है और कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी को विजय बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। गौरतलब है कि नगर निगम चुनाव में शुक्रवार को नामांकन वापस लेने का दिन है। सीएम की मुलाकातों को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि बड़ी संख्या में उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं।

भाजपा ने भी नगर निगम चुनाव में बागियों को मनाने का दावा जरूर किया है, लेकिन भाजपा से बागी होकर मैदान में उतरे प्रत्याशी अभी खुलकर सामने नहीं आए हैं। ऐसे में भाजपा स्थिति का आकलन शुक्रवार को पूरी तरह से हो पाएगा। फिलहाल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने दोनों उम्मीदवारों का पार्टी में स्वागत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights