राजस्थान में चुनाव तैयारियों का जायजा लेने को केंद्रीय चुनाव आयोग की 3 सदस्यीय टीम आज जयपुर पहुंचेगी। उम्मीद की जा रही है कि अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 की तारीखों का एलान हो जाएगा। केंद्रीय चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त आयुक्त राजीव कुमार, निर्वाचन आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय और निर्वाचन आयुक्त अरूण गोयल तीन दिवसीय यात्रा पर 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक जयपुर में रहेंगे। इस दौरान वे प्रदेश में विधानसभा आम चुनाव-2023 की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि 29 सितंबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त, आयुक्तगण व अन्य वरिष्ठ अधिकारी जयपुर में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसके पश्चात आयोग एन्फोर्समेंट एंजेंसियों जैसे राज्य पुलिस, सीपीएफ, आयकर, आबकारी, परिवहन, वाणिज्यिक कर विभाग, राज्य की लीड बैंक के समन्वयक, रेलवे तथा एयरपोर्ट आदि के नोडल अधिकारियों से विधासनभा चुनाव-2023 के संबंध में चर्चा करेंगे।

प्रवीण गुप्ता ने बताया कि दौरे के आखिरी दिन 1 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त और आयुक्तगण मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ बैठक में विधानसभा आम चुनाव-2023 की तैयारियों की समीक्षा करेंगे और प्रेस से मुखातिब होंगे।

प्रवीण गुप्ता ने बताया कि तीन दिनी दौरे में उप निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार साहू, धर्मेन्द्र शर्मा, नितेश व्यास, अजय भादू, ह्रदयेश कुमार, महानिदेशक बी नारायण, संयुक्त निदेशक अनुज चांडक और सचिव अश्विनी कुमार मोहल भी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights