पूर्वी सिंहभूम जिले के भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पांच नेताओं ने बृहस्पतिवार को यहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का दामन थाम लिया। नेताओं के झामुमो में शामिल होने के कुछ ही घंटे बाद भाजपा के राज्य मुख्यालय की ओर से जारी एक बयान में पांचों नेताओं को “पार्टी-विरोधी गतिविधियों” में लिप्त रहने के आरोप में पार्टी से निष्कासित किए जाने की जानकारी दी गयी। 

सोरेन ने बृहस्पतिवार दोपहर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भाजपा नेताओं के झामुमो में शामिल होने की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने कहा कि झामुमो जनता की पार्टी है। उन्होंने कहा कि पूर्वी सिंहभूम के आदरणीय नेता अब झामुमो परिवार का हिस्सा बन गए हैं और जनता का आशीर्वाद ही हमारी असली ताकत है। सोरेन ने विश्वास व्यक्त किया कि जनता घाटशिला उपचुनाव में झामुमो को प्रचंड जीत दिलाएगी। 

BJP बोली- इन नेताओं को पार्टी से किया निष्कासित

घाटशिला विधानसभा क्षेत्र पूर्वी सिंहभूम जिले में आता है। बाद में शाम को भाजपा राज्य कार्यालय की ओर से जारी बयान में पूर्व जिला अध्यक्ष सौरभ चक्रवर्ती, जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, पूर्व घाटशिला प्रखंड अध्यक्ष तुषार कांत और सक्रिय कार्यकर्ता व पूर्व मुसाबनी प्रखंड अध्यक्ष सुरेश महाली को पार्टी से निष्कासित किए जाने की जानकारी दी गई।

राज्य महासचिव मनोज कुमार सिंह द्वारा हस्ताक्षरित निष्कासन आदेश में कहा गया है कि इन नेताओं को घाटशिला उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन (पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र) के खिलाफ काम करने का दोषी पाया गया है। भाजपा के बयान में यह भी बताया गया कि घाटशिला मंडल अध्यक्ष कौशिक कुमार को “भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ प्रचार करने” के आरोप में पार्टी से निष्कासित किया गया है। घाटशिला उपचुनाव के तहत 11 नवंबर को मतदान होगा। उपचुनाव में झामुमो के उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन (स्वर्गीय विधायक और मंत्री रामदास सोरेन के पुत्र) का मुकाबला भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन से होगा। बीते 15 अगस्त को रामदास सोरेन के निधन के कारण यह उपचुनाव कराया जा रहा है।
 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights