पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने जिला गुरदासपुर में 2 पुलिस कर्मचारियों की हत्या के बाद हुए एनकाउंटर को लेकर सवाल उठाए हैं। भट्टी ने दावा किया है कि पंजाब पुलिस का यह एनकाउंटर फर्जी है। उसने कहा कि जिस रणजीत सिंह को एनकाउंटर में मारा गया, वह पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल नहीं था।
इस संबंध में शहजाद भट्टी ने एक ऑडियो जारी किया है, जो इंस्टाग्राम के “डाकू” नाम के पेज पर डाला गया है। हालांकि, इस ऑडियो की पुष्टि नहीं की गई है। ऑडियो में भट्टी ने कहा कि पंजाब पुलिस सिखों पर जुल्म कर रही है। उसने दावा किया कि उसे पता है कि असली हत्याएं किसने की हैं और किसने करवाई हैं, पूरे विश्वास से कह सकता है कि एनकाउंटर में मारा गया युवक बेगुनाह था।
भट्टी ने मांग की कि इस एनकाउंटर पर पंजाब पुलिस से जवाब लिया जाना चाहिए और एनकाउंटर करने वाली टीम से सबूत मांगे जाने चाहिए। इस मामले की जांच कोर्ट से करवाई जानी चाहिए। भट्टी ने यह भी कहा कि रणजीत सिंह की मां को रोते हुए देखकर वह चुप नहीं रह सका, इसलिए उसे बोलना पड़ा। जो लोग खुलेआम अपराध कबूल करते हैं, उनका एनकाउंटर नहीं किया गया, लेकिन एक ऐसे युवक को मार दिया गया जिस पर कोई ठोस सबूत नहीं था। उसने आरोप लगाया कि पुलिस ने अपनी छवि बचाने के लिए उक्त कार्रवाई की। भट्टी ने यह भी कहा कि एनकाउंटर करने वाले पुलिस अधिकारियों पर कानूनी केस किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बेगुनाह के साथ ऐसा न हो। उसने कहा कि अगर रणजीत सिंह दोषी था, तो उसे अदालत में पेश किया जाना चाहिए था और सजा कोर्ट को तय करनी चाहिए थी।
