गाजियाबाद पुलिस ने गुरुवार देर रात दो अलग-अलग मुठभेड़ में 5 लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों ने बीती 16 जून को गाजियाबाद के कवि नगर थाना क्षेत्र में मुनीम से 8.15 लाख की लूट को अंजाम दिया था। फिलहाल, पुलिस ने मुठभेड़ में घायल हुए तीन बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है।

आंखों में मिर्ची झोंककर की थी लूट

बता दें कि, गाजियाबाद के लाल कुआं स्थित अजंता कोल्ड स्टोर का मुनीम अमित कुमार बीती 16 जून को स्कूटी पर सवार होकर कोल्ड स्टोर का रुपया लेकर बैंक में जमा करने जा रहा था। इस दौरान जब वह कवि नगर फ्लाईओवर के नीचे पहुंचा था, तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्टल तान कर और उसकी आंखों में मिर्ची झोंक कर 8.15 लाख से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। मौके पर पहुंचे आला अधिकारियों ने घटना की जानकारी की थी और इस घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया था। पुलिस तभी से आरोपियों की तलाश कर रही थी।

3 बदमाश घायल, लूट के 5 लाख 30 हजार बरामद

एसीपी कविनगर भास्कर वर्मा के अनुसार, गुरुवार देर रात कवि नगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग क्षेत्र में किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। इस पर पुलिस टीम ने चेकिंग करनी शुरू कर दी। तभी पुलिस टीम ने तीन संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया। जिस पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में तीन बदमाश शंकर विहार, थाना वेव सिटी निवासी सूरज यादव, खेड़ा पिलखुवा, हापुड़ निवासी नितिन और कृष्णा विहार कॉलोनी निवास मनीष को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से लूट के 4 लाख 30 हजार रुपए बाइक और तमंचे बरामद किया है।

दूसरी मुठभेड़

वहीं मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में हुई दूसरी मुठभेड़ में खेड़ा हापुड़ निवासी बृजेश और मसूरी गाजियाबाद निवासी अंकुश को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से लूट के 1 लाख रुपए बरामद किए गए हैं। दोनों मुठभेड़ में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हुए हैं। तीनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights