गंगा नदी में डूबने से दो मासूम भाइयों की मौत हो गई। गुरुवार दोपहर से लापता दोनों बच्चों के शव शुक्रवार सुबह नदी से बरामद किए गए। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पूरे गांव में शोक का माहौल
राजमहल थाना क्षेत्र के सरकंडा गांव निवासी सेंटू चौरसिया के दो बेटों का शव शुक्रवार सुबह गंगा नदी से बरामद किया गया। मृत बच्चों की पहचान आठ वर्षीय आर्यन कुमार और छह वर्षीय राघव कुमार के रूप में हुई है। दोनों बच्चे गुरुवार दोपहर से घर से लापता थे। शव मिलने की खबर मिलते ही गंगा तट पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं।

मां और नानी बच्चों से लिपटकर बिलखती रहीं
बच्चों की मां प्रियंका देवी ने बताया कि दोनों बेटे गुरुवार दोपहर के बाद घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिवार और ग्रामीणों ने काफी देर तक उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। शाम करीब छह बजे किसी व्यक्ति ने नदी किनारे बच्चों की चप्पल और कपड़े पड़े होने की जानकारी दी।सूचना मिलने पर थाना प्रभारी हसनैन अंसारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मछली पकड़ने वाले जाल की मदद से रात भर बच्चों की तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण शव नहीं मिल सके।

शुक्रवार सुबह गंगा नदी में एक बच्चे का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद गोताखोरों की मदद से दूसरे बच्चे का शव भी नदी से बाहर निकाला गया। बच्चों के शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां और नानी बच्चों से लिपटकर बिलखती रहीं, जबकि अन्य लोग उन्हें संभालते रहे। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights