कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखपाल खैहरा ने पंजाब सरकार को लेकर सोशल मीडिया पर बड़ा आरोप लगाया है। खैहरा ने एक ट्वीट में कहा कि उन्हें खुशी है कि Bhagwant Mann ने ऑस्ट्रेलिया में जमीन खरीदने के आरोपों का खंडन किया है। यह आरोप उनके कलाकार सहयोगी गुरचेत चित्रकार द्वारा लगाए गए थे।
खैहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि उनकी मां, जो एक साधारण गृहिणी हैं, ऑस्ट्रेलिया 11 बार क्यों गईं और वो भी बिजनेस क्लास में। उन्होंने सवाल उठाया कि इन दौरों के दौरान उनकी मां रियल एस्टेट दफ्तरों में क्यों जाती थीं और बिल्डरों के साथ उनकी बैठकें क्यों होती थीं। इसके साथ ही खैहरा ने एक अन्य ट्वीट में सरकार से 144 टोयोटा हिलक्स पिकअप ट्रकों की खरीद को लेकर भी जवाब मांगा। उनका आरोप है कि इन गाड़ियों को लगभग 37 लाख रुपये प्रति वाहन की पूरी कीमत पर खरीदा गया, जबकि आम लोगों को इन पर 10 से 15 लाख रुपये तक की छूट मिल जाती है।
खैहरा ने कहा कि इस खरीद में 15 से 20 करोड़ रुपये तक के कथित कमीशन की आशंका है। उन्होंने सवाल उठाया कि पंजाब के राज्यपाल द्वारा जांच की मांग के बावजूद अब तक इस मामले में कोई जांच क्यों नहीं कराई गई। खैहरा ने कहा कि ऐसी कथित अनियमितताओं की जांच तभी संभव होगी जब सरकार में बदलाव आएगा। उन्होंने Aam Aadmi Party सरकार से इन सभी आरोपों पर स्पष्ट बयान देने की मांग की है।
