उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कोविड से बिलकुल घबराने की जरूरत नहीं है। अन्य राज्य की तुलना में उत्तर प्रदेश में संक्रमण बहुत कम है। सर्किट हाउस में रविवार को विभागीय समीक्षा बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश के अस्पतालों में इलाज के पुख्ता इंतजाम हैं। सर्दी-खांसी की शिकायतें अधिक हैं। संक्रमण के संदेह पर घर में इलाज करें। तीन दिन में संक्रमित ठीक हो रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संक्रमण बढ़ने से रोकने के लिए आदेश जारी किए गए हैं। निकाय चुनाव पर कहा कि भाजपा पूरी तरह से तैयार है। चुनाव में भाजपा 2014 से अच्छा प्रदर्शन करेगी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के प्रदेश में सांप्रदायिक दंगा कराने और प्रदेश की कानून व्यवस्था पर उठाए गए सवाल पर कहा कि समाजवादी पार्टी ने माफिया और अपराधियों को पोसा है। प्रयागराज में उमेश पाल की निर्मम हत्या की गई। इसके बाद अखिलेश को कुछ बोलना नहीं चाहिए। सपा के पैर के नीचे से जमीन खिसक चुकी है। उनको देखना चाहिए कि 2017 के बाद प्रयागराज कितना बदला है। अखिलेश राजकुमार की तरह सोशल मीडिया पर बयान दे रहे हैं।

प्रयागराज आने के बाद उप मुख्यमंत्री ने पहले भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद समीक्षा बैठक कर नैनी के भीमनगर मलिन बस्ती गए और वहां पीएम आवास योजना के एक आवंटी के घर दोपहर का भोजन ग्रहण किया। इसके बाद मेजा एक कायर्क्रम में गए और वहां से लौटने के बाद राजकीय मुद्रणालय के मैदान पर आयोजित योगोत्सव का उद्घाटन किया। कार्यक्रमों सांसद डॉ. रीता जोशी, केसरी देवी पटेल, विनोद सोनकर समेत कई विधायक मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights