जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (LOC) के पास सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया है। सेना ने खुफिया जानकारी मिलने के बाद कुपवाड़ा के माछल सेक्टर में भारतीय सेना, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और जम्मू कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। इसके बाद कुपवाड़ा में आतंकी ठिकाने का पर्दाफाश हुआ।

श्रीनगर स्थित सेना की चिनार कोर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ‘विभिन्न एजेंसियों से मिली, युद्ध जैसे शस्त्र भंडारों की संभावित मौजूदगी की खुफिया जानकारी के आधार पर 15 से 18 अगस्त के बीच कुपवाड़ा के माछल सेक्टर में भारतीय सेना, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और जम्मू कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।’ सेना ने बताया कि अभियान के तहत पांच एके राइफल, सात पिस्तौल, चार हथगोले सहित भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद और अन्य सामग्री बरामद की गई। फिलहाल, तलाशी अभियान जारी है।

वहीं, बारामूला जिले में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के आतंकवादियों के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से दो ग्रेनेड और पिस्तौल की आठ गोलियां बरामद की गई हैं। पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर इलाके में शेर कॉलोनी तारजू में स्थापित एक संयुक्त जांच चौकी पर सुरक्षा बलों ने दो लोगों को रोका। दोनों ने संयुक्त दल को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। उनकी पहचान दरनाम्बल तारजू के निवासी मंजूर अहमद भट और तनवीर अहमद लोन के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights