उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के रविवार को निर्देश दिए कि श्री काशी विश्वनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार की कोई घटना नहीं हो। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि योगी आदित्यनाथ ने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के पहले दिन रविवार को सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पुलिस द्वारा दर्शनार्थियों के साथ दुर्व्यवहार और कुप्रबंधन की कोई शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।

उन्होंने पुलिस एवं मंदिर प्रशासन को व्यवस्था में उचित सुधार लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में निर्मित दुकानों तक श्रद्धालुओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही उपलब्ध सामग्रियों का उचित मूल्य रखा जाए। उन्होंने कहा, ”धार्मिक संस्थाएं पैसा कमाने का जरिया नहीं, बल्कि श्रद्धा का स्थल हैं, इसलिए श्रद्धालुओं के लिए इन स्थानों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।” आदित्यनाथ ने मानव संसाधन बढ़ाकर मणिकर्णिका एवं हरिश्चंद्र घाट के निर्माण कार्य में तेजी लाए जाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि घाटों एवं मंदिरों के पास निर्माण कार्य के दौरान ऐतिहासिक धरोहरों का हर हाल में संरक्षण किया जाए।

आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कहा कि कोई भी धार्मिक क्रियाकलाप धार्मिक स्थल परिसर में ही किया जाए और किसी भी नयी परंपरा की अनुमति नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने लंबित राजस्व वादों का निस्तारण तय समय सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। योगी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि सभी जिम में महिला प्रशिक्षकों की भी व्यवस्था हो। उन्होंने कहा, ”अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों एवं पुलिस कर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए। पर्व के दृष्टिगत अवैध एवं जहरीली शराब की बिक्री कहीं भी न हो।” उन्होंने जनपद में होली एवं आगामी पर्वों के मद्देनजर चाक चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights