उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने सोमवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) की पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा प्रहार करते हुए उनपर भगवान राम के अस्तित्व को नकारने और राम भक्तों के खिलाफ षड्यंत्र करने का आरोप लगाया। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को वनटांगिया गांव में वनवासियों के साथ दीपावली मनाने से पहले जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के लिए 49 करोड़ रुपये की 133 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

 सीएम योगी ने दीपपर्व की खुशियां वनटांगिया के वनवासियों के साथ साझा की
उन्होंने बतौर मुख्यमंत्री लगातार नौवीं बार वनटांगिया के वनवासियों के साथ दीपपर्व की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या के भव्य और दिव्य दीपोत्सव को समृद्ध और सुशासन का प्रतीक बताने के साथ पूर्ववर्ती सपा और कांग्रेस की सरकारों पर तीखी टिप्पणी की। योगी ने आरोप लगाया, ”अयोध्या को विदेशी आक्रांताओं ने अपमानित किया था, जहां जन्म लेने वाले मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के अस्तित्व को कांग्रेस की सरकारों ने नकारने का कुत्सित प्रयास किया था और सपा सरकार ने राम भक्तों को लहूलुहान करते हुए कई षड्यंत्र किए थे।” उन्‍होंने कहा कि आज वही अयोध्या नव्य और दिव्य होकर देश और दुनिया को आकर्षित कर रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या का भव्य दीपोत्सव “समृद्धि और सुशासन का प्रतीक बन गया है।

अयोध्या दीपोत्सव पूरे भारत की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि कायाकल्प और दीपोत्सव से पहचान सिर्फ अयोध्या की ही नहीं बनी है, बल्कि नव्य अयोध्या और इसका दीपोत्सव पूरे भारत की पहचान बन गया है। उन्होंने कहा कि समाज का हर तबका यहां बिना भेदभाव आयोजन का सहभागी बनता है। योगी ने कहा, ‘‘आज की अयोध्या बांटती नहीं है, बल्कि सबको जोड़ती है।” उन्‍होंने कहा कि यहां हवाई अड्डा महर्षि वाल्मीकि के नाम पर है, भोजनालय माता शबरी के नाम पर और प्रमुख चौराहा प्रभु श्रीराम का भजन गाने वाली स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के नाम पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दक्षिण भारत के प्रमुख संतों की भी प्रतिमा अयोध्या में स्थापित कराई गई है और राम मंदिर के परिसर में महर्षि वाल्मीकि, विश्वामित्र के भी मंदिर बन गए हैं। उन्होंने कहा कि यहां शंकराचार्य, रामानुजाचार्य, रामानंदाचार्य के नाम पर द्वार हैं।

लाभार्थियों को दीपावली पर सीएम योगी ने दिया उपहार
योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव और लोकार्पण-शिलान्यास समारोह के मंच से मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबी, आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, पशुपालन विभाग के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, उद्यान विभाग के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व मिनी बीज किट प्रदान किए। उन्होंने इन सभी लाभार्थियों को दीपावली का उपहार भी दिया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनकल्याण के कार्यों से अन्य प्रदेशों के नेतृत्वकर्ता भी सीख ले रहे हैं।

समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति का उद्धार करना सरकार का लक्ष्य
वनटांगिया गांव के दीपोत्सव समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच से सभी वनटांगिया गांव दशकों की उपेक्षा से निजात पाकर उत्तरोत्तर विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़े हैं। पिपराइच के विधायक महेंद्रपाल सिंह ने दावा किया कि योगी के नेतृत्व में समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति का भी उद्धार हुआ है। उन्होंने कहा कि वनटांगिया समुदाय के लोग इसके उदाहरण हैं। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights