आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर यमुना में जहर मिलाने का दावा किया है। उनका आरोप है कि दिल्ली की जनता बीजेपी को वोट नहीं दे रही इसलिए हरियाणा की भाजपा सरकार ने यह कदम उठाया है। अब इस पर बीजेपी हरियाणा ने पलटवार किया है और केजरीवाल की तुलना कालिया नाग से कर दी है।

सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट लिखते हुए बीजेपी ने कहा, कलयुग का ये कालिया नाग, केजरीवाल, जिसने 2020 में झूठा वादा किया था कि अगर यमुना को दूषित होने से नहीं बचाया तो कभी वोट नहीं मांगने आऊंगा। इस कालिया नाग को आगामी चुनाव में दिल्ली की जनता उसी तरह नाथने का काम करेगी, जैसा द्वापर युग में भगवान श्री कृष्ण ने किया था।

बीजेपी ने कहा, यमुना में जहर मिलाने का पाप कोई भी सच्चा हरियाणवी नहीं कर सकता लेकिन द्वापर युग में कालिया नाग ने यमुना नदी को विषैला करने की कोशिश की थी, जिसे भगवान श्री कृष्ण ने नाथ दिया था और बृजवासियों को उस कालिया नाग से छुटकारा दिलाया था।

पार्टी ने कहा, दिल्ली के लिए आप-दा बन चुके इस कालिया नाग से दिल्लीवासियों को और यमुना नदी, जिसे हम माता का दर्जा देते हैं, सभी को 8 फरवरी को हमेशा-हमेशा के लिए छुटकारा मिल जाएगा।

हरियाणा के सीएम ने क्या कहा?

इससे पहले हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने पलटवार किया था। उन्होंने कहा है कि अरविंद केजरीवाल की फितरत ही यही है कि आरोप लगाओ और भाग जाओ। उन्होंने कहा, अरविंद केजरीवाल ने खुद 28 नाले यमुना में डाल दिए और सोचा कि हरियाणा पर आरोप लगा कर बच जाऊंगा।

उन्होंने कहा, मैंने कहा कि आप (अरविंद केजरीवाल) अपने मुख्य सचिव को भेजो और मैं अपने मुख्य सचिव से सोनीपत में पानी की गुणवत्ता की जांच करने के लिए कहूंगा जहां से (यमुना) दिल्ली में प्रवेश कर रही है। वह अमोनिया के बारे में बात करते हैं। वह पानी की कमी का दावा करते हैं लेकिन कोई कमी नहीं है, कमी उनकी इच्छाशक्ति में है।

उन्होंने कहा उनकी वितरण प्रणाली में एक समस्या है। वे 10 साल में जल वितरण का प्रबंधन नहीं कर सकते – हालांकि उन्होंने मंच से इसका वादा किया था, फिर भी लोगों को प्रदूषित पानी मिल रहा है… उन्हें आरोप लगाने के बजाय काम करना चाहिए। दिल्ली के लोगों ने मन बना लिया है और वे उन्हें सबक सिखाएंगे।”

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights