उत्तराखंड में हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में आज (रविवार) को मची भगदड़ में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

हादसे के बाद पुलिस प्रशासन और मेडिकल की टीमें मौके पर राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हादसे के तुरन्त बाद ही  पीएम मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम मोदी के हवाले से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ में हुई जान-माल की हानि से अत्यंत दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना। ईश्वर करे कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।

इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर के मार्ग में भगदड़ की दुर्घटना में अनेक श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार बहुत पीड़ादायक है। मैं सभी शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं प्रार्थना करती हूं कि घायल हुए सभी श्रद्धालु शीघ्र स्वस्थ हों।

बता दें कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुए हृदय विदारक हादसे में 6 लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

धामी ने आगे लिखा, प्रदेश सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए एवं घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही घटना के मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश भी दिए हैं।

सूत्रों के अनुसार, भीड़ बहुत ज्यादा होने के कारण हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भगदड़ हुई है।

बताया जा रहा है कि भारी भीड़ के बीच मंदिर परिसर में करंट की खबर की अफवाह के कारण अफरा-तफरी मची और धक्का-मुक्की होने के बाद वे एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे यहां भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।

हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने भी भगदड़ की घटना में छह लोगों की मौत की पुष्टि कर दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights