मुजफ्फरनगर में राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि आज ही के दिन इमरजेंसी लगाकर कांग्रेश ने लोकतंत्र की हत्या की थी। उन्होंने कहा कि आपातकाल घोषित कर देश के महान नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। आज कुछ पार्टियां कांग्रेस के साथ गठबंधन बनाकर वैसे ही हालात पैदा करना चाहती हैं।

रविवार को गांधीनगर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर पार्टी नेताओं ने काला दिवस मनाया। राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री रहते एक ही झटके में इमरजेंसी लगा दी थी। इमरजेंसी के नाम पर अटल बिहारी वाजपेई, लालकृष्ण आडवाणी, जयप्रकाश नारायण सरीखे नेताओं को जेल में डाल दिया गया था।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने आज ही के दिन लोकतंत्र का गला घोट दिया था। राज्यसभा सदस्य और भाजपा नेता विवेक ठाकुर ने कहा कि लोगों और युवा पीढ़ी को कांग्रेस के कारनामे याद दिलाने के लिए पार्टी आज काला दिवस मना रही है।

उन्होंने कहा कि उस कालखंड के बारे में युवा पीढ़ी को जानकारी देने के लिए यह कार्यक्रम किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ तथाकथित नेता आज भी वैसे ही हालात पैदा करने के लिए कांग्रेस के साथ गठबंधन करना चाहते हैं।

वास्तव में यह गठबंधन नहीं बल्कि ठग बंधन है। उन्होंने विपक्षी दलों की बैठक को लेकर भी सवाल खड़ा किया और कहा कि गठबंधन में शामिल कई पार्टी नेताओं को तो सजा भी हो चुकी है। जिससे जाहिर होता है कि यह लोग भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हुए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, पूर्व विधायक अशोक कंसल आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights