पूर्वी कांगो में इबोला वायरस का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है। ताज़ा सरकारी जानकारी के अनुसार अब तक 900 से अधिक संदिग्ध मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिससे स्वास्थ्य एजेंसियों की चिंता काफी बढ़ गई है। कांगो के संचार मंत्रालय ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि देश में अब तक करीब 904 संदिग्ध इबोला केस सामने आए हैं। इसके साथ ही 119 संदिग्ध मौतें भी रिपोर्ट की गई हैं।
भारत सरकार भी अलर्ट
वहीं भारत सरकार ने भी इबोला प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों के लिए health advisory जारी की है। इसमें कहा गया है कि यदि किसी यात्री में संक्रमण के लक्षण दिखें तो वह इमिग्रेशन से पहले स्वास्थ्य अधिकारियों को तुरंत सूचना दे। Directorate General of Health Services (DGHS) ने विशेष रूप से कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान से आने वाले यात्रियों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
इससे पहले पूर्वी कांगो में रविवार शाम गुस्साए युवकों ने एक अस्पताल पर धावा बोल दिया जहां इबोला वायरस से संक्रमित मरीजों का उपचार किया जा रहा है। इलाके में गोलियां चलने की आवाज सुनी गईं जिससे अस्पताल में भगदड़ मच गई, चिकित्साकर्मी लोगों को निकालने की कोशिश में जुट गए तथा अफरा-तफरी का माहौल हो गया। यह तुरंत पता नहीं चल पाया कि मोनबगवालू जनरल अस्पताल पर हुए हमले में कोई घायल हुआ है या नहीं, लेकिन अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. रिचर्ड लोकुडु ने बताया कि हमलावर अपने दो परिजनों के शव सौंपने की मांग कर रहे थे।
लोकुडु ने फोन पर बताया कि गोलीबारी के बीच चिकित्साकर्मी मरीजों और कर्मचारियों को निकालने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा, ”मोनबगवालू जनरल अस्पताल में अलर्ट जारी कर दिया गया है।” उन्होंने घटनाक्रम के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी। एक सप्ताह के भीतर स्वास्थ्य देखभाल केंद्रों पर इस तरह का यह तीसरा हमला है, जहां चिकित्साकर्मी संदिग्ध इबोला मामलों के इलाज के लिए संसाधनों की कमी से जूझ रहे हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार इबोला से मरने वालों के शव अत्यधिक संक्रामक हो सकते हैं और अगर उन्हें दफनाने की तैयारी करने तथा अंतिम संस्कार के दौरान लोग इकट्ठा होते हैं तो इससे संक्रमण और फैल सकता है।
कांगो के अधिकारियों ने आदेश दिया है कि इबोला के संदिग्ध पीड़ितों को दफनाने का खतरनाक काम जहां तक हो सके, सरकारी निगरानी में किया जाए, लेकिन इस व्यवस्था से मृतकों के परिवारजन में खासी नाराजगी है। सरकार ने शुक्रवार को कहा कि वायरस के प्रसार को रोकने के प्रयास के तहत पूर्वोत्तर कांगो में अंतिम संस्कार और प्रार्थना सभा में 50 से अधिक लोगों के जमा होने पर प्रतिबंध रहेगा।
Ebola Virus Symptoms (लक्षण)
-तेज बुखार
-कमजोरी और थकान
-सिरदर्द
-गले में खराश
-मांसपेशियों में दर्द
-उल्टी और दस्त
-पेट दर्द
-त्वचा पर दाने
-आंखों का लाल होना
