टीम इंडिया के सबसे छोटे फॉर्मेट के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शनिवार 14 मार्च को इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 5 साल पूरे होने पर सोशल मीडिया पर एक दिल छू लेने वाला वीडियो शेयर किया. मुंबई के इस बल्लेबाज को आखिरी बार टी20 विश्व कप 2026 में खेलते हुए देखा गया था, जहां भारत ने अहमदाबाद में सूर्यकुमार की कप्तानी में फाइनल में न्यूज़ीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब जीता था.
इस टीम के खिलाफ डेब्यू
सूर्यकुमार ने अपना टी20आई डेब्यू 2021 में अहमदाबाद में इंग्लैंड के खिलाफ किया था. इस मैच में ‘मेन इन ब्लू’ ने 165 रनों का पीछा करते हुए 7 विकेट से जीत हासिल की थी, लेकिन इस दाएं हाथ के बैटर को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था. जब उन्होंने क्रिकेट के सबसे बड़े स्टेज पर अपने 5 साल पूरे किए, तो 35 साल के खिलाड़ी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया.
‘सपना हुआ सच’
इस पोस्ट में टी20 वर्ल्ड कप 2024 और 2026 के जीत के पलों के साथ-साथ कुछ दूसरी क्लिप्स भी शामिल थीं. उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘5 साल पहले, एक ख्वाब हकीकत में बदल गया. भारत की जर्सी पहनना एक ऐसा एहसास है जिसे मैं आज भी पूरी तरह से शब्दों में बयां नहीं कर सकता. टीम के लिए हम जो और भी कई यादें बनाने वाले हैं, उनके लिए चीयर्स.’
सूर्या के करियर पर एक नजर
उनके रिकॉर्ड पर नजर डालें तो, उन्होंने 113 टी20आई मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 36.85 की औसत और 162.94 के स्ट्राइक रेट से 3,272 रन बनाए हैं. इसमें 25 अर्धशतक और 4 शतक शामिल हैं. इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 37 वनडे मैच भी खेले हैं, जिनमें उन्होंने 35 पारियों में 25.76 की औसत और 105.02 के स्ट्राइक रेट से 773 रन बनाए हैं. इसमें 4 अर्धशतक शामिल हैं. इसके अलावा उन्होंने एक टेस्ट मैच भी खेला है, जिसकी इकलौती पारी में उन्होंने 8 रन बनाए थे.
