Ram Mandir Photographs: श्री राम तीर्थ क्षेत्र ने गुरुवार को अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण कार्य की नवीनतम तस्वीरें जारी की हैं। इससे पहले 23 जून को भी राम मंदिर की तस्वीरें जारी की गईं थीं। ट्रस्ट के मुताबिक, इमारत में खिड़की और दरवाजों पर काम इस साल सितंबर तक पूरा हो जाएगा है।

न्यूज एजेंसी ANI की ओर से जारी की गई ताजा तस्वीरों में मंदिर की दीवारों पर खूबसूरत नक्काशी दिख रही हैं। मंदिर के गलियारों और छतों पर उकेरी गई कलाकृतियां न केवल अद्भुत हैं, बल्कि मंदिर परिसर की खूबसूरती को और ज्यादा बढ़ा रही हैं। मंदिर की दीवारों पर की गई नक्काशी रामलला के मंदिर की भव्यता को बयां कर रही हैं।

मंदिर अधिकारियों ने 12 जून को कहा था कि राम मंदिर के ग्राउंड फ्लोर का काम अंतिम चरण में है। पत्थरों पर नक्काशी का काम चल रहा है। ग्राउंड फ्लोर का निर्माण कार्य इस साल अक्टूबर तक पूरा होने की उम्मीद है। मंदिर अधिकारियों की ओर से जारी बयान के अनुसार, राम मंदिर के ग्राउंड फ्लोर की प्रगति की समीक्षा निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा समेत ट्रस्ट के सीनियर मेंबर्स ने की है।

सीनियर पदाधिकारियों की ओर से बताया गया कि दैनिक आधार पर निर्माण कार्य की निगरानी निरंतर की जा रही है। अधिकारियों ने बताया है कि गर्भगृह में गोल्ड की फिनिशिंग होगी और मंदिर में कुल 392 खंभे होंगे। सागौन की लकड़ी के 46 दरवाजे लगाए जांगे जो मंदिर की वास्तुकला की भव्यता को बढ़ाएंगे। बता दें कि पीएम मोदी ने 5 अगस्त, 2020 को एक भव्य मंदिर की आधारशिला रखी थी।

हाल ही में मंदिर ट्रस्ट के महासचिव और कोषाध्यक्ष ने भी उम्मीज जताई है कि जनवरी 2024 तक मंदिर में राम लला की प्रतिमा स्थापित हो जाएगी और इसी दिन से मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएगा। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट में पांच न्यायाधीशों की पीठ ने 9 नवंबर 2019 को मंदिर पक्ष में फैसला सुनाया था। इसके बाद यहां मंदिर निर्माण का कार्य शुरू किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights