मुजफ्फरनगर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अन्याय और अत्याचार की सीमा पार कर गया है। उन्होंने कहा कि किसान मजदूर और सर्वहारा वर्ग परेशान है। युवा को नौकरी नहीं मिल रही और सरकारी कर्मचारी पेंशन को लेकर टेंशन में है। हर दिन खबरों में बहू-बेटियों की इज्जत खतरे में पड़ती नजर आ रही है। कांग्रेस दबे-कुचले और वंचितों की आवाज बुलंद कर रही है। इसलिए भाजपा परेशान है।

रविवार शाम को सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष मीरापुर निवासी स्वर्गीय सुभाष चंद्र माहेश्वरी की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर हमला बोला। आर्य समाज मंदिर पर श्रद्धांजलि सभा के बाद उन्होंने कहा कि उनके नेता और जननायक राहुल गांधी ने 4000 किलोमीटर की यात्रा कर देश को बचाने का काम किया। कांग्रेस देश का लोकतंत्र बचाने का प्रयास कर रही है। राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए सभी सेकुलर नेताओं को आमंत्रित किया था। इस समय लोकतंत्र खतरे में है और देश सांप्रदायिकता की आग में जल रहा है। ऐसे में देश का दबा कुचला और पीड़ित वर्ग कांग्रेस की ओर देख रहा है। कांग्रेस ही देश के प्रत्येक वर्ग के लिए संघर्ष के लिए तैयार है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी नेताओं का संघर्ष देश को बचाने के लिए है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि उन्होंने रोड मैप तैयार कर लिया है। कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ देश और प्रदेश में पार्टी की सरकार बनाने के लिए कांग्रेसी तैयार है।

इस मौके पर किसान नेता राकेश टिकैत, कांग्रेस प्रदेश के पूर्व कोषाध्यक्ष विपुल माहेश्वरी एडवोकेट, विवेक माहेश्वरी, पूर्व मंत्री साईदुज्जमा, अरशद राणा, असद फारूकी, अब्दुल्ला आरिफ, एडवोकेट तेज बहादुर सैनी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुबोध शर्मा, राकेश पुंडीर, उमा दत्त शर्मा, बिल्किस चौधरी, हरेंद्र त्यागी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights