वाराणसी समेत पूर्वांचल के जिलों में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना बना हुआ है। वहीं गोरखपुर में पांच दिन से चल रही प्री मानसून गतिविधियां सूखी ही रह गईं। अब मानसून से झमाझम बारिश की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक रविवार से मानसून पूर्वांचल को तरबतर कर सकता है। पिछले पांच दिनों से प्री-मानसून गतिविधियां चल रही हैं। गहरे काले बादलों ने आसमान को ढक रखा है। इसके कारण दिन का तापमान सामान्य से कम 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जून में पहली बार दिन का तापमान सामान्य से कम हुआ है लेकिन अभी तक बारिश न होने से धरती की प्यास नहीं बुझ रही है।
पूर्वी यूपी में रविवार से मानसूनी हवाओं की एंट्री के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इसके बाद झमाझम बारिश हो सकती है। किसान भी इसी उम्मीद में आस लगाए बैठे हैं। मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि रविवार से जिले में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। प्री-मानसून में बारिश न होने से किसानों और महानगर वासियों को मायूसी हाथ लगी है।

बीते 24 घंटे में दिन के तापमान में करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। इससे पहले शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस था। बीते 24 घंटे में रात के न्यूनतम तापमान में जरूर बढ़ोतरी हुई है। शनिवार को रात का न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से चार डिग्री अधिक है। इससे पहले शुक्रवार को रात का न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस था।

इन जिलों में आज झमाझम बारिश की संभावना
लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, सीतापुर, हरदोई, रायबरेली, बाराबंकी, फैजाबाद, अयोध्या, लखीमपुर खीरी, इटावा, एटा, मैनपुरी, झांसी, महोबा, फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर, बदायूं, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, हापुड़, बुलंदशहर, शाहजहांपुर, बरेली समेत मध्य यूपी और पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights