सहारनपुर(मनीष अग्रवाल)। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तर पर राजकीय चिकित्सकों एवं चिकित्सा शिक्षकों द्वारा की जा रही प्राइवेट प्रैक्टिस की शिकायतों की जांच हेतु गठित सतर्कता समिति की बैठक आहूत की गई। जिलाधिकारी ने महानिदेशक चिकित्सा के दिए गये निर्देशों के आधार पर कहा कि चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग के संस्थान प्रमुखों को कि शासन के निर्देशों का पूर्णतया अनुपालन करते हुए यह सुनिश्चित करें कि आपके नियंत्रणाधीन कोई भी राजकीय चिकित्सक किसी निजी नर्सिंग होम एवं संस्थान में अथवा निजी क्लीनिक में प्राइवेट प्रैक्टिस में लिप्त न हो। यदि आपके नियंत्रणाधीन किसी भी राजकीय चिकित्सक द्वारा प्राइवेट प्रैक्टिस में लिप्त होने की पुष्टि होती है, तो तत्काल उनके विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही करते हुए कृत कार्यवाही की सूचना समिति को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
मनीष बंसल ने निर्देश दिए कि यदि किसी भी राजकीय चिकित्सक द्वारा प्राइवेट प्रैक्टिस में लिप्त होने की सूचना किसी अन्य माध्यम से समिति को प्राप्त होती है तो यह समझा जाएगा कि संबंधित नियंत्रक अधिकारी द्वारा जानबूझकर तथ्यों को छिपाया जा रहा है एवं शिथिलता बरती जा रही है। इसलिए संबंधित नियंत्रक अधिकारी के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चिकित्सा शिक्षा विभाग के चिकित्सा शिक्षक एवं चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के राजकीय चिकित्सकों द्वारा शपथ पत्र लिया जाए कि उनके द्वारा कहीं पर निजी प्रैक्टिस नहीं की जा रही है। इसके बावजूद अगर कोई निजी प्रैक्टिस करता पाया जाता है तो उसके विरूद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी के साथ सभी की एक सूची तैयार कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं एलआईयू को उपलब्ध कराई जाए। जनपद स्तर पर गठित सतर्कता समिति में जिलाधिकारी अध्यक्ष, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिलाधिकारी द्वारा नामित अभिसूचना इकाई का सदस्य, प्रधानाचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक एसबीडी, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षिका जिला महिला चिकित्सालय सदस्य एवं मुख्य चिकित्साधिकारी सदस्य सचिव होंगे। बैठक में एसपी सिटी व्योम बिंदल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर प्रवीण कुमार, प्रधानाचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज डॉ0 सुधीर राठी, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ0 रामानन्द, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षिका जिला महिला चिकित्सालय डॉ0 इंद्रा सिंह, एवं क्षेत्राधिकारी एलआईयू उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights