केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जल्द ही कान्हा नगरी मथुरा का दौरा करेंगे और विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में दर्शन पूजन करेंगे। पद्मश्री कृष्ण कन्हाई ने सोमवार को बताया कि शाह ने वृन्दावन में बढ़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की सुरक्षा को लेकर चिन्ता व्यक्त की है। हाल में उनसे दिल्ली में भेंट करके वृन्दावन लौटे देश के जाने माने चित्रकार कृष्ण कन्हाई ने आज बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्री ने उनसे इसके विकल्पों के बारे में भी चर्चा की।

उन्होंने बताया कि केन्द्रीय गृहमंत्री ने वृन्दावन आने का उनका निमंत्रण भी स्वीकार कर लिया है और कहा है कि वे शीघ्र ही वृन्दावन में आकर बांकेबिहारी जी महराज का आशीर्वाद भी लेंगे। साथ ही विश्वस्तर की उनकी आर्ट गैलरी का भी अवलोकन करेंगे। कृष्ण कन्हाई ने स्वयं द्वारा बनाया गया पांच फीट लम्बा तीन फीट चौड़ा भगवान श्रीकृष्ण का चित्र नार्थ ब्लाक में मंत्री को उनके कार्यालय में भेंट किया।

उन्होंने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्री ने संसद भवन के केन्द्रीय कक्ष में लगी दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की इतनी बेहतरीन एवं जीवन्त पोट्रेट बनाने के लिए उन्हें साधुवाद देते हुए कहा कि आपने कृष्ण कला को जीवन्त कर रखा है। शाह ने उनके साथ गए उनके चित्रकार बेटे नवोदित कलाकार अर्जुन कन्हाई को आशीर्वाद भी दिया जो कला के क्षेत्र में तीसरी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। केंद्र सरकार सन 2000 में पद्मश्री कृष्ण कन्हाई के पिता कन्हाई चित्रकार को भी पद्मश्री अलंकरण से सम्मानित कर चुकी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights