उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित राजा रामपुर मई गांव में शादी की तैयारियों के बीच बड़ा हादसा हो गया। टेंट का सामान उतारते समय लोहे का पाइप हाईटेंशन विद्युत लाइन से छू गया, जिससे करंट फैल गया और चार लोग झुलस गए।

जानकारी के अनुसार स्वर्गीय दयाराम की बेटी रेशम की शनिवार को बारात आनी है। घर में मांगलिक कार्यक्रम चल रहे थे और पंडाल लगाया जा रहा था। इसी दौरान टेंट का सामान लेकर वाहन पहुंचा। 28 वर्षीय मौसेरा भाई राजू पाल गाड़ी पर चढ़कर सामान नीचे उतार रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही लोहे का पाइप ऊपर उठाया गया, वह सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। पाइप में तेज करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में राजू पाल के साथ पास खड़े 5 वर्षीय राज, 7 वर्षीय युवराज और 9 वर्षीय देव आ गए। करंट लगते ही चारों दूर जा गिरे और झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत सभी घायलों को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।

परिवार के लोगों ने बताया कि अचानक तेज चीख सुनाई दी और कुछ ही सेकंड में लोग जमीन पर गिर पड़े। राहत की बात यह रही कि पाइप तुरंत बिजली लाइन से अलग हो गया, जिससे और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights