दिल्ली।  शराब घोटाले में गिरफ्तार दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) की ओर से दर्ज केस में ‘आप’ नेता मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए बढ़ा दी है। वह 22 मार्च तक ईडी की रिमांड पर हैं। ऐसे में यदि आगे ईडी को सिसोदिया की रिमांड नहीं भी मिलती है तो ‘आप’ नेता को दोबारा तिहाड़ भेजा जाएगा। उन्हें कम से कम 3 अप्रैल तक जेल में ही रहना होगा।

शराब घोटाले में आरोपी बनाए गए मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने 26 फरवरी को लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। कई दिनों तक सीबीआई ने उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी और बाद में कोर्ट ने सिसोदिया को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इसके बाद शराब घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग मामलों की जांच कर रही ईडी ने सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया।

सीबीआई ने सोमवार को एक बार फिर सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि  जांच अभी जारी है और यह एक अहम मोड़ पर है। कोर्ट ने सीबीआई की अपील को स्वीकार करते हुए सिसोदिया की न्यायिक हिरासत को बढ़ा दिया। फिलहाल सिसोदिया ईडी की रिमांड पर हैं। शुक्रवार को कोर्ट ने उनकी रिमांड को पांच दिन के लिए बढ़ा दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights