महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर बिगुल बज चुका है। राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में लगे है। वहीं, हरियाणा में जीत के बाद भाजपा का उत्साह बढ़ा हुआ है। माना जा रहा है कि इस जीत के बाद भाजपा महाराष्ट्र और झारखंड में बढ़े हुए आत्मविश्वास के चुनावी मैदान में उतरेगी। हालांकि, राकांपा (सपा) प्रमुख शरद पवार ने साफ तौर पर कहा कि हरियाणा चुनाव के नतीजों को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा। आपको बता दें कि भाजपा ने हरियाणा में कांग्रेस को हराकर सत्ता बरकरार रखी है।

शरद पवार ने कहा कि जम्मू-कश्मीर चुनाव के नतीजे देश के नजरिए से महत्वपूर्ण हैं क्योंकि केंद्र शासित प्रदेश वैश्विक स्तर पर अधिक ध्यान आकर्षित करता है। सतारा जिले के कराड में पत्रकारों से बात करते हुए, पवार ने यह भी कहा कि लेडी ऑफ जस्टिस की नई प्रतिमा के अनावरण के साथ, भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) डी वाई चंद्रचूड़ ने एक नई दिशा दिखाई है क्योंकि पहले किसी ने भी बदलाव करने के बारे में नहीं सोचा था। हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद इंडिया ब्लॉक की रणनीति के बारे में एक सवाल का जवाब देते हुए, पवार ने कहा कि भाजपा उस राज्य में शासन कर रही थी और वह सत्ता बरकरार रखने में कामयाब रही।

पवार ने कहा कि हम हरियाणा का अध्ययन कर रहे हैं, लेकिन साथ ही जम्मू-कश्मीर (चुनाव) के नतीजों पर भी नजर डाल रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि इसका (हरियाणा नतीजों का) राज्य (महाराष्ट्र) के चुनावों पर कोई असर पड़ेगा।’ जहां तक ​​जम्मू-कश्मीर का सवाल है तो विश्व समुदाय इस पर ज्यादा ध्यान देता है और जम्मू-कश्मीर के नतीजे देश के लिए ज्यादा अहम हैं। 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुनाव 20 नवंबर को होंगे और नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights