उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने मंगलवार देर रात एक बड़ी सफलता हासिल की है। वाराणसी के सारनाथ में हुए चर्चित कारोबारी महेंद्र गौतम हत्याकांड के मुख्य आरोपी और कुख्यात शार्प शूटर बनारसी यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है।अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने एक बयान में बताया कि यह मुठभेड़ चौबेपुर थाना अंतर्गत बारियासनपुर रिंग रोड पर हुई।

 

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल(एसटीएफ) को शार्प शूटर बनारसी यादव की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इस पर मौके पर पहुंची एसटीएफ की टीम ने यादव को पकड़ने की कोशिश की लेकिन उसने गोलियां चलाई, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में यादव को गोली लगी। उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

उन्होंने बताया कि बनारसी यादव पर दो दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वह पिछले साल 25 अगस्त को सारनाथ इलाके में कारोबारी महेंद्र गौतम की हत्या के मामले में भी आरोपी था। यश के मुताबिक मौके से दो पिस्तौल और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। मामले की जांच जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights