गाजियाबाद से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जो किसी हॉलीवुड फिल्म के सीन से कम नहीं लग रहा। जिसे देख कर लोग हैरान हो रहे हैं कि यह कहीं किसी फिल्म का स्टंट सीन तो शूट नहीं हो रहा। मिली जानकारी के अनुसार एलिवेटेड रोड पर एक आई कार बैक गियर में तकरीबन दो किलोमीटर तक भागती हुई दिखाई दे रही है और उसे रोकने के लिए उसके ठीक आगे पुलिस की एक जीप सायरन बजाती हुई चल रही है। अंत में कार चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता है। यह वीडियो उस एलिवेटेड रोड का है, जहां हर तरफ सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि एलिवेटेड रोड पर एक कार अपनी ही लेन में बैक गियर में तेजी से भागती हुई चली जा रही है और पुलिस की जीप उसे बार- बार रोकने का प्रयास कर रही है, जो ठीक उसके आगे चल रही है।
इस दौरान पुलिस ने पीसीआर को भागने वाली गाड़ी की बोनट से सटाकर कई किलोमीटर तक दौड़ाया। लेकिन फिर भी पुलिसवाले इस सफेद i20 कार वाले को पकड़ नहीं पाए। गौर करने वाली बात ये है कि इस रियल लाइफ एक्शन सीन के दौरान इस रोड पर कई अन्य वाहन भी तेजी से गुजर रहे थे। गनीमत ये रही कि कोई दूसरी गाड़ी इन दोनों गाड़ियों से टकराकर हादसे का शिकार नहीं हुई। हालांकि, कई बार पीछे से आ रही गाड़ियों से भी वह कार टकराने से बची और पुलिस की जीप से कार की कई बार हल्की टक्कर हुई। फिर भी कार चालक बैक गियर में ही कार चलाता रहा और तकरीबन दो किलोमीटर बाद वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस और कार चालक की इस आंख मिचौली का ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वहीं, इस मामले में पुलिस जानकारी जुटाना का प्रयास कर रही है और नंबर प्लेट को सीसीटीवी की फुटेज से निकलवा कर उसके मालिक तक पहुंचाने का प्रयास भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights