पीएम नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय मिजोरम, मणिपुर, असम, पश्चिम बंगाल और बिहार के दौरे पर है। दौरे के पहले पड़ाव में पीएम मोदी मिजोरम पहुंचे और उन्होंने राज्य को रेलवे की सौगात दी।
पीएम मोदी ने मिजोरम के आइजोल में 9 हजार करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मोदी ने मिजोरम की राजधानी आइजोल को भारतीय रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली 8,070 करोड़ रुपये की बैराबी-सैरांग लाइन का उद्घाटन किया।
इसके साथ ही आइजोल पूर्वोत्तर का चौथा राजधानी शहर बन जाएगा, जो रेल मार्ग से जुड़ गया है। इससे पहले गुवाहाटी, अगरतला और ईटानगर को रेल संपर्क मिल चुका है।
पीएम मोदी ने इस मौके पर कहा कि यह प्रोजेक्ट नॉर्थ ईस्ट की विकास यात्रा को नई रफ्तार देगा और लोगों को देशभर से जोड़ेगा।
अधिकारियों ने बताया कि, भारी बारिश के कारण प्रधानमंत्री मोदी हेलिकॉप्टर से लेंगपुई एयरपोर्ट से आइजोल के लम्मुआल ग्राउंड तक नहीं पहुंच सके। इस वजह से उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 51.38 किमी लंबी बैराबी–सैरांग रेल लाइन का उद्घाटन किया और साथ ही तीन नई ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई।
अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री मामित जिले के कावर्था में एक आवासीय विद्यालय और आइजोल के त्लांगनुआम में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का भी उद्घाटन करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री बाद में मणिपुर के चूड़ाचांदपुर शहर के लिए उड़ान भरेंगे। यहां वह 8,500 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।
