उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम जन्मभूमि पर बन रहे मंदिर के गर्भगृह में स्थापित करने के लिए रामलला की मूर्ति 15 दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएगी। मंदिर ट्रस्ट के अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि रामलला (भगवान राम के बाल स्वरूप) की तीन मूर्तियां बनवाई जा रही हैं।

मंदिर ट्रस्ट के अधिकारियों ने बताया कि भगवान रामलला की तीन मूर्तियों को बनाने का काम पूरा होने वाला है जिनमें से एक मूर्ति को राम मंदिर के गर्भगृह में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि तीन मूर्तियों में से दो कर्नाटक के एक राजस्थान के पत्थर से बनाई गई हैं। मंदिर न्यास की धार्मिक समिति 15 दिसंबर को गर्भगृह में प्राण प्रतिष्ठा करने के लिए सर्वश्रेष्ठ मूर्ति का चयन करेगी। मूर्तियां कर्नाटक और राजस्थान के मूर्तिकारों द्वारा बनाई गई हैं, जिनमें कर्नाटक के गणेश भट्ट और अरुण योगीराज के साथ जयपुर के कलाकार सत्यनारायण पांडे भी शामिल हैं।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया,‘‘राम मंदिर में रामलला के बाल स्वरूप की मूर्ति विराजमान होगी। इसके लिए कर्नाटक के पत्थर से दो और राजस्थान के पत्थर से एक सहित कुल तीन मूर्तियां बनाई गई हैं, मूर्तियां 90 फीसदी तैयार हो चुकी हैं। उन्हें अंतिम रूप दिया जा रहा है।”

22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह होगा। इस समारोह में आने वाले सभी अतिथियों की अंतिम सूची तैयार हो गई है। कार्यक्रम में साधु-संतों समेत कुल सात हजार लोग शामिल होने वाले है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, फिल्म स्टार अमिताभ बच्चन और उद्योगपति मुकेश अंबानी सहित करीब सात हजार लोगों को राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रित किया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights