भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने रविवार को प्रदेश की कांग्रेस सरकार को सबसे भ्रष्ट करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में रोजाना नये-नये घोटाले और बलात्कार के मामले सामने आ रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री जोशी ने आरोप लगाया कि देश में दर्ज उत्पीड़न और हत्या के 16 प्रतिशत मामले अकेले राजस्थान से हैं। वह इस साल के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के लिए जयपुर पहुंचे थे।

जोशी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राजस्थान सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है। बलात्कार के मामलों में राजस्थान शीर्ष पर है। भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र 16 से अधिक बार लीक हुए हैं।’’

उन्होंने कहा कि विकास कार्य ठप हो गए हैं और राज्य में भाजपा सरकार की जरूरत है।

जोशी ने सवाल किया, ‘‘अगर मुख्यमंत्री गहलोत गरीबों का भला करना चाहते हैं, तो साढ़े चार साल में ऐसा क्यों नहीं किया।’’

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं में विश्वास जगाते हुए कहा कि पार्टी राज्य में दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights