उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक दंपती ने वीडियो बनाकर सीएम योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई और इसके बाद दोनों ने जहर पी लिया। वीडियो में उन्होंने सारी घटना बयान की है और इसके बाद सुसाइड करने की कोशिश की और जहर पी लिया। जहर पीने से दोनों की हालत खराब हो गई। जानकारी होने पर परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। यहां पर अभी भी उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। 

हमें मजबूर होकर ये कदम उठाना पड़ा
जानकारी के मुताबिक, बरखेड़ा कस्बा निवासी इसरार और उनकी पत्नी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्होंने अपनी सारी कहानी बताई है और इसके बाद आत्महत्या करने की कोशिश की है। वीडियो में इसरार कहते हैं कि आज मैं और मेरी पत्नी हम दोनों ही इतने मजबूर हो गए है कि हमारे पास जहर पीने के अलावा कोई रास्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि एसडीएम बीसलपुर, बरखेड़ा नगर पंचायत चेयरमैन और ठेकेदार मोईन ने इतना परेशान किया है कि हमें मजबूर होकर ये कदम उठाना पड़ रहा है। 

जानिए इसकी वजह…
वायरल वीडियो में उन्होंने बताया कुछ दिन पहले पूर्व नगर पंचायत बरखेड़ा में हो रहे भ्रष्टाचार के संबंध में खबर प्रकाशित की थी। इस खबर का संज्ञान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया था। इस खबर के बाद उन्हें काफी परेशान किया गया। पीड़ित ने एसडीएम बीसलपुर, नगर पंचायत चेयरमैन बरखेड़ा और एक ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कहा कि इन लोगों ने 19 मई की रात मुझ पर मुकदमा लिखवा दिया। कई अन्य तरह से भी परेशान किया गया। शिकायत पर घर पहुंची पुलिस ने हमारे ही परिवार को परेशान किया। हमें काफी परेशान किया जा रहा है, इसी से तंग आकर हम जहर पी रहे है। योगी जी…हमें इंसाफ मिलना चाहिए।” वीडियो में दोनों लोग जहर पीते हुए नजर आ रहे है। 

‘सभी आरोप निराधार हैं…’
इस वीडियो के सामने आने के बाद आनन-फानन में रिश्तेदारों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती किया। उनकी हालत गंभीर है। वहीं, एसडीएम बीसलपुर नागेंद्र पांडेय ने कहा कि दंपती के वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। थानाध्यक्ष बरखेड़ा को जांच करने के लिए कहा है। सभी आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह का कोई भी मामला नहीं है। वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष श्याम बिहारी भोजवाल ने कहा कि हमारा भी इससे कोई मतलब नहीं है। ठेकेदार से कुछ मांगा होगा, उसी ने मामला दर्ज कराया है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights