कांग्रेस ने 2024 की तैयारियां तेज कर दी हैं। इन्ही तैयारियों में पार्टी यूपी में परिवर्तन यात्रा निकालने जा रही है। मंगलवार को लखनऊ में हुई पार्टी की अहम बैठक में यह निर्णय हुआ। तय किया गया कि जन समस्याओं को लेकर जन आंदोलन किए जाए। इस जन आंदोलन को परिवर्तन यात्रा का नाम दिया गया। ये यात्रा सहारनपुर से शुरू होगी।
कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी की मंगलवार को लखनऊ में हुई बैठक में संगठन को धार देने पर भी चर्चा हुई। बूथ स्तर पर कमेटियां बनाने का संकल्प दिलवाया गया। यहां प्रदेशभर से आए कांग्रेसियों ने अपने-अपने जिले की रिपोर्ट भी बताई। इसी दौरान आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से मंथन हुआ। बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि पिछलें चुनाव परिणामों से साफ है कि यूपी में कांग्रेस का वोट बैंक कम नहीं। पार्टी पदाधिकारियों को हताश नहीं होना है नए जोश के साथ जन-जन तक जाना है। जन समस्या को उठाना है और इसी को लेकर प्रदेशभर में परिवर्तन यात्रा निकाली जाएगी। सहारनपुर से शुरू होकर ये यात्रा मेरठ से मुरादाबाद फिर बरेली और शाहजहांपुर से होते हुए सीतापुर के नैमिषारण्य तक जाएगी।
परिवर्तन यात्रा दिसंबर माह के अंत या फिर जनवरी के प्रथम सप्ताह में शुरू किए जाने की रणनीति तैयार की गई है। सहारनपुर से सीतापुर तक प्रथम चरण होगा। दूसरे चरण में बुंदेलखंड, मध्य और फिर पूर्वांचल में परिवर्तन यात्राएं निकाली जाएंगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इन यात्राओं के जरिए लोगों को कांग्रेस का संदेश दिया जाएगा। समझाया जाएगा कि भाजपा को हराने की ताकत सिर्फ कांग्रेस में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights