आगरा में ताजगंज के पचगाई खेड़ा स्थित सेंट जोसेफ वर्ल्ड स्कूल में डकैती के मामले में पुलिस ने 25 हजार के इनामी विनोद को सोमवार रात को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आउटर रिंग रोड पर पुलिस के घेरने पर आरोपी ने फायरिंग की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।

सेंट जोसेफ वर्ल्ड स्कूल में 4 अक्तूबर की रात को घटना हुई थी। बदमाशों ने संचालक की बेटी और दामाद को बंधक बनाकर डकैती डाली थी। 15 सोलर बैटरी, 2 एलईडी, जेवरात, 70 हजार रुपये, डीवीआर, स्कूल वैन लूटकर ले गए थे। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि पूर्व में पांच बदमाश गिरफ्तार कर लिए गए थे। राजीव नगर, ताजगंज निवासी आरोपी विनोद पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। सोमवार रात को उसे रिंग रोड के बाहरी इलाके में घेर लिया। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि विनोद ने स्कूल की रेकी की थी। यह देखा था कि परिसर में कौन-कौन रहता है। क्या सामान मिल सकता है। उसने ही साथियों को बुलाया था। उसके पास से एक तमंचा, बाइक बरामद की है।

यूपी पुलिस अभियान चलाकर आगरा में ताबड़तोड़ एनकाउंटर कर रही है। इससे पहले 10 अक्टूबर को भी पुलिस ने इसी मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। 10 अक्टूबर तड़के पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी कर ली थी। बदमाशों ने गोलियां चलाईं तो पुलिस ने भी फायरिंग की। मुठभेड़ के बाद चार गिरफ्तार किए थे। इनमें दो सनी पंडित और सागर गोली लगने से घायल हो गए थे। पुलिस ने गढ़ी देवरी के पास लोडर वाहन से आए बदमाशों को घेरा था। दो पैदल भागने लगे, जबकि दो बाइक से भागे। पुलिस के घेराबंदी करने पर दोनों तरफ से गोलिया चलीं। इसके बाद चार को गिरफ्तार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights