भारतीय जनता पार्टी के नेता सुधांशु त्रिवेदी ने शुक्रवार को राज्यसभा में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की गिनती दुनिया के अग्रणी देशों में की जाती है और उनकी विश्व भर में अपनी लोकप्रियता भी शीर्ष पर है इसलिए पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से उनकी किसी भी मायने में तुलना नहीं की जा सकती।

त्रिवेदी ने कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी सदस्यों के शोर शराबे  के बीच राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत करते हुए कहा कि लगातार तीसरी बार देश की बागडोर संभालने वाले मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री के रिकॉर्ड की बराबरी की है लेकिन विपक्षी कांग्रेस का कहना है कि मोदी पंडित नेहरू की बराबरी नहीं कर सकते।

उन्होंने व्यंग करते हुए कहा कि वह भी इस बात को मानते हैं कि मोदी और नेहरू की तुलना नहीं की जा सकती क्योंकि मोदी अतुलनीय हैं और देश तथा दुनिया में उनकी लोकप्रियता पंडित नेहरू से कहीं अधिक है।

नीट परीक्षा लीक होने के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग को लेकर सदन में विपक्ष की नारेबाजी के बीच त्रिवेदी ने कहा कि वह तीन बिंदुओं के आधार पर कह सकते हैं कि मोदी और पंडित नेहरू के बीच तुलना नहीं की जा सकती।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के आम चुनाव से पहले मोदी को सर्वसम्मति से भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार चुना गया था जबकि पंडित नेहरू को कांग्रेस की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था में शीर्ष नेता के लिए हुए चुनाव में कोई वोट नहीं मिला था। इसके बावजूद उन्हें शीर्ष नेता चुना गया।

त्रिवेदी ने कहा कि पंडित नेहरू के शासन में उनके विरोधियों को जेल में डाला गया जबकि मोदी के शासन में उनके घोर विरोधी भी संसद के लिए चुनकर आए हैं।

उन्होंने कहा कि तीसरा बिंदु यह है कि मोदी को फ्रांस, रूस, भूटान, मिस्र, बहरीन और कई अन्य  देशों ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है जबकि पंडित नेहरू को विदेश में कभी इतना सम्मान नहीं मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights