मुज़फ़्फ़रनगर | भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने आज मुज़फ़्फ़रनगर में ARTO कार्यालय के खिलाफ ज़बरदस्त विरोध प्रदर्शन किया और ARTO को ज्ञापन सौंपकर बड़े भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि 29 अगस्त तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे ARTO कार्यालय पर बड़े पैमाने पर धरना देंगे।

ज्ञापन के अनुसार, ARTO कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, परिमिट और NOC बनवाने के नाम पर अवैध वसूली की जाती है। बिना रकम दिए कोई भी आम जनता का काम नहीं होता। संगठन का आरोप है कि कार्यालय में तैनात अधिकारी और कर्मचारी दलालों के माध्यम से लोगों से मोटी रकम वसूलते हैं। प्रत्येक काम के लिए 5,000 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक की घूस मांगी जाती है।

इसके अलावा, ग्रामीण क्षेत्रों और सीमावर्ती इलाकों में वाहन चालकों को रोककर बेवजह चालान किया जाता है और फिर गाड़ियां छुड़ाने के लिए हजारों रुपये लिए जाते हैं। आरोप है कि ARTO कार्यालय के कर्मचारी जान-बूझकर वाहनों के कागजों में खामी निकालते हैं और वाहन मालिकों को ब्लैकमेल करते हैं। किसान यूनियन ने कहा कि छोटे वाहन मालिक और बेरोजगार युवक सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं क्योंकि उन्हें काम के बहाने बार-बार परेशान किया जाता है।

भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने यह भी आरोप लगाया है कि इतनी शिकायतों के बावजूद ऊपरी अधिकारियों द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अधिकारी केवल आश्वासन देकर मामले को दबा देते हैं, जबकि हकीकत यह है कि भ्रष्टाचार का यह खेल लगातार जारी है।

जिलाध्यक्ष निखिल चौधरी ने कहा कि संगठन किसानों और आम जनता के साथ हो रहे अन्याय को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने साफ कहा कि यदि 29 अगस्त तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन ARTO कार्यालय पर बड़ा आंदोलन करेगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस दौरान प्रदेश प्रभारी अजय त्यागी जिला अध्यक्ष निखिल चौधरी के अलावा युवा जिला अध्यक्ष सोनू चौधरी,जिला उपाध्यक्ष साहूद चौधरी, जिला महासचिव मोनू धीमान, ब्लॉक प्रभारी साजिद आदि अनेकों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights