करीब 20 स्थानों पर पालिका की ओर से सीसी सड़क और आरसीसी नालियों का निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया है। इनमें से तैयार पांच सड़कों का रविवार को पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने सभासदों और पालिका अधिकारियों के साथ लोकार्पण किया। सड़कों के उद्घाटन के लिए वार्डों में पहुंचने पर सभासदों और नागरिकों ने उनका अभिनंदन करते हुए फूलमालाओं के साथ स्वागत किया।
मीनाक्षी स्वरूप ने इस दौरान लोगों की समस्याओं को सुना और भरोसा दिलाया कि विकास की इस रफ्तार को रूकने नहीं दिया जायेगा। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ और हरा भरा रखने के लिए सहयोग की अपील भी की।
नगरपालिका परिषद् के द्वारा शहरी विकास के लिए राज्य वित्त एवं 15वें वित्त आयोग से प्राप्त विकास निधि के अन्तर्गत शहर के कई वार्डों में सड़क, नाली और अन्य निर्माण कार्य स्वीकृत किये गये थे। इनमें से अधिकांश काम पूरे हो चुके हैं। रविवार को पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने करीब 51 लाख रुपए की लागत से तैयार चार वार्डों की पांच सीसी सड़कों का लोकार्पण करते हुए इनको जनता को समर्पित किया।
इस दौरान उन्होंने सड़कों के निर्माण को लेकर वार्ड के लोगों से भी जानकारी ली और गुणवत्ता और मानकों की कसौटी पर भी परखा। विकास कार्यों को जनता को समर्पित करने की कड़ी में रविवार को वार्ड नंबर 33 नई मंडी पटेलनगर के अन्तर्गत मुनीम कॉलोनी में पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के द्वारा राज्य वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से करीब 12 लाख रुपए की लागत से रामनिवास वाली गली में राजकुमार के मकान तक निर्मित आरसीसी नाली और सीसी सड़क का लोकार्पण किया गया।
