मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र में एक बैंक्‍वट हाल पर कार्यक्रम के दौरान हिंदूवादी संगठन से जुडे लोगों ने हंगामा कर दिया, आरोप लगाया कि बैंक्‍वट हाल में चल रहे कार्यक्रम के तहत भोले-भाले हिंदुओं को इसाई धर्म में परिवर्तित कराया जा रहा है। लोगों ने हंगामा करते हुए चल रहे कार्यक्रम को रोक दिया और उसमें शामिल लोगो को वापस भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच की बात कही है।

नई मंडी थाना क्षेत्र के भोपा रोड स्थित शगुन बैंक्‍वट हाल पर आध्‍यात्‍म से जुडा कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें स्‍क्रीन लगाकर आध्‍यात्‍म से जुडी वीडियो दिखाई जाने की बात बताई गई। इसी दौरान वार्ड सभासद प्रशांत गौतम साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्‍होंने बताया कि धर्म परिवर्तन की सूचना पर लोगों के साथ वह मौके पर पहुंचे थे। उन्‍होने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के नाम पर भोले भाले लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था।

बताया कि पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई थी। जैसे ही उनके साथ पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी लोग मौके से फरार होना शुरू हो गए। हिंदुवादी संगठन से जुडे मनोज सैनी ने कहा कि मुजफ्फरनगर में कुछ इसाई मिशनरियां चोरी चोरी धर्म परिवर्तन कराने का काम कर रही है। उन्‍होंने कहा कि जनपद में धर्म परिवर्तन नहीं होने देंगे।

इस दौरान कार्यक्रम संयोजिका निहारिका ने कहा कि वे लोग सिर्फ आध्‍यात्मिक कार्यक्रम चला रहे हैं, ताकि लोगों को ईश्‍वर की शक्‍ति का आभास कराकर उनके दुख और कष्‍ट दूर किये जा सके। उन्‍होने कहा कि उन्‍होंने कुछ ऐसी वीडियो दिखाई जाती हैं, जिससे लोगों में आत्‍मविश्‍वास और दुख सहने की शक्‍त‍ि पैदा हो जाए।

उन्‍होने कहा कि वह हिंदू हैं और हमेशा हिंदू ही रहने वाली हैं। इस तरह के कार्यक्रम से किसी का धर्म नहीं बदल रहा। जो जिस धर्म में आस्‍था रखता है,उसी को धारण करे रहे। नई मंडी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष त्‍यागी का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोप सही पाए जाते हैं इस मामले में आवश्‍यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights