मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। मृतक व्यापारी निखिल तिवारी और हमलावर रिजॉर्ट में रिशेप्शन के पास ही काफी देर तक खड़े रहे। विवाद के बाद हमलावर ने पिस्टल निकाला और व्यापारी की छाती में गोली मार दी। शादी समारोह में अफरा-तफरी का आलम बन गया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस कछुआ चाल से चल रही है। आरोपी नहीं पकड़े गए और अभी तक पिस्टल भी बरामद नहीं हुआ।
निखिल तिवारी की शहर के भोपा रोड पर रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। दोस्त की शादी का कार्ड मिला तो वह बुधवार रात घर से हंसी खुशी चला गया। लेकिन इसी दौरान पहले डीजे के पास विवाद हुआ और इसके बाद रिशेप्शन पर भी दोनों पक्ष खडे़ दिखाई दे रहे हैं। यहीं पर हमलावर ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के मामा अनुराग शुक्ला, पिता अनिल तिवारी और दोस्त हर्ष कुमार समेत अन्य परिजन मंसूरपुर थाने पहुंचे और हंगामा किया। परिवार का कहना है कि पुलिस की जांच सही नहीं चल रही है। अभी तक आरोपी भी नहीं पकड़े जा सके। एसओ ने पीड़िता परिवार को समझा बुझाकर शांत किया।
मूल रूप से इटावा के गांव भरतना निवासी और वर्तमान में सिविल लाइन थाना क्षेत्र की चौधरी चरण सिंह कॉलोनी निवासी अनिल तिवारी जिले में 25 साल से रह रहे हैं। असल में सहकारी समिति में सचिव हैं और जिले में अलग-अलग क्षेत्र में रहे। वर्तमान में वह सिकरेड़ा में तैनात हैं। उनके बेटे की दोस्ती दूल्हे के साथ थी। दूल्हा और दुल्हन का परिवार भी मुजफ्फरनगर का ही रहने वाला है। निखिल तिवारी अपने पिता का अकेला पुत्र था, उनकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। बेटे की मौत से उसकी मां सीमा देवी का बुरा हाल है और वह बेटे के हत्यारे को फांसी की सजा देने की मांग कर रही है।
वारदात के बाद रिजॉर्ट मालिक हरीश छाबड़ा ने पुलिस को सूचना दी। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है। मृतक के दोस्त ही उसे गाड़ी में लेकर जिला अस्पताल गए। पुलिस को पूरी सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करा दी है।
