मुंबईवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुंबई मेट्रो एक्वा लाइन-3 30 सितंबर से आरे से कफ परेड तक शुरू हो जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंबई मेट्रो-3 यानी एक्वा लाइन को हरी झंडी दिखा सकते है। एक्वा लाइन के आखिरी चरण की जांच सफल रही है। दहशरा से पहले ही मुंबई के कोलाबा से आरे कॉलोनी तक का पूरा भूमिगत मेट्रो कॉरिडोर यात्रियों की सेवा में उपलब्ध हो जाएगा।

33.5 किलोमीटर लंबी यह लाइन मुंबई की पहली पूरी तरह भूमिगत मेट्रो है। अधिकारियों के मुताबिक इस मार्ग पर कुल 27 स्टेशन हैं, जिनमें से 26 स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे। आरे से वर्ली तक का लगभग 22.5 किलोमीटर का हिस्सा पहले से ही चालू है, जबकि अब कफ परेड से वर्ली तक का 11 किलोमीटर लंबा हिस्सा भी दशहरे के आसपास शुरू हो जाएगा। इस तरह कोलाबा से आरे कॉलोनी तक की यात्रा एक घंटे से कम समय में पूरी की जा सकेगी, जबकि सड़क से सफर करने पर अक्सर 2 से 3 घंटे लग जाते हैं

अधिकारियों का कहना है कि मुंबई मेट्रो-3 एक्वा लाइन का कोलाबा-बांद्रा-सीप्ज कॉरिडोर सितंबर के आखिर या अक्टूबर की शुरुआत में यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। दरअसल, मेट्रो-3 का काम दो चरणों में पूरा किया गया। पहला चरण आरे से बीकेसी तक था, जिसका उद्घाटन 7 अक्टूबर 2024 में पीएम मोदी ने किया। जबकि दूसरा चरण बीकेसी से वर्ली तक का था, जो 9 मई 2025 में शुरू हुआ। और अब तीसरे चरण में यह पूरी लाइन चालू हो जाएगी।

करीब 37 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई मेट्रो-3 लाइन पर सफर करना लाखों मुंबईकरों के लिए बड़ा सहारा साबित होगा। बताया जा रहा है कि इस रूट पर ट्रेन हर 3 से 4 मिनट में उपलब्ध होगी और एक बार में लगभग 2,500 यात्री यात्रा कर सकेंगे।

यह लाइन न सिर्फ दक्षिण मुंबई को पश्चिमी उपनगरों से जोड़ेगी, बल्कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों तक पहुंचना भी बेहद आसान हो जाएगा। कई प्रमुख धार्मिक स्थल, अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, पर्यटन स्थल सब के करीब से यह गुजरेगा। कोलाबा, वर्ली, दादर, बीकेसी, सांताक्रूज़ और सीएसएमटी जैसे प्रमुख इलाकों को जोड़ने वाली यह लाइन शहर के यातायात दबाव को काफी हद तक कम करने में मदद करेगी।

मुंबई मेट्रो एक्वा लाइन-3 का रूट

ये स्टेशन चालू है- आरे JVLR, सीप्ज़, अंधेरी MIDC, मरोल नाका, CSMIA टी2, सहार रोड, CSMIA टी1, सांताक्रूज, बांद्रा कॉलोनी, बीकेसी (बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स), धारावी, शीतलादेवी मंदिर, दादर मेट्रो, सिद्धिविनायक मंदिर, वर्ली और आचार्य अत्रे चौक। ये शुरू होंगे- विज्ञान संग्रहालय, महालक्ष्मी, मुंबई सेंट्रल, ग्रांट रोड, गिरगांव, कालबादेवी, सीएसएमटी, हुतात्मा चौक, चर्चगेट, विधान भवन और कफ परेड।

महाराष्ट्र सरकार ने मार्च 2022 में इस एक्वा लाइन को कफ परेड से आगे नेवी नगर तक बढ़ाने की योजना भी घोषित की थी। फिलहाल, दशहरे पर मुंबईकरों को पहली बार एक पूरी भूमिगत मेट्रो की सौगात मिलने जा रही है, जो शहर की यात्रा को कहीं अधिक तेज, सुरक्षित और आरामदायक बना देगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights