यूपी में मानसून की दस्तक के बाद बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। कई जिलों में बारिश के साथ-साथ आकाशीय बिजली भी गिरी। जानकारी के मुताबिक, कौशांबी जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से चार बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए है। इस हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। 

बुरी तरह झुलसे बच्चे 
सराय अकिल थाने के प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि जुगराजपुर गांव के चार बच्चे- सतीश कुमार (13), मनी (13), पवन दास और दीपांजलि बकरियां चरा रहे थे। इस दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और चारों बच्चे इसकी चपेट में आ गए और झुलस गए। इन बच्चों को परिजन तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने सतीश और मनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि पवन और दीपांजलि को प्राथमिक उपचार के बाद खतरे से बाहर बताया गया है। घटना की जानकारी आपदा प्रबंधन विभाग को भेज दी गई है और मृतक बच्चों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 

भैंस चराने गए बच्चों पर गिरी बिजली  
दूसरी घटना कौशांबी थाना क्षेत्र के तारा का पूरा गांव की है। क्षेत्राधिकार अभिषेक सिंह ने बताया कि तारा का पुरा गांव में तीन बच्चे- गोविंद (15), रूपा देवी (12) और मोहित (10) भैंस चराने गए थे, तभी आकाशीय बिजली गिर गई और तीनों बच्चे झुलस गए। सिंह ने बताया कि गोविंद की मौके पर ही मौत हो गई तथा रूपा की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मोहित का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights