मुजफ्फरनगर में एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। शव पहले सेप्टिक टैंक में डालकर ठिकाने लगाने का प्रयास किया। उसके बाद प्रेमी के घर में 6 फीट गहरा गड्ढा खोदकर दबा दिया। शक होने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो शव बरामद कराया। पति के सौतेले भाई से प्रेम प्रसंग के चलते की गई हत्या के मामले पुलिस ने महिला सहित दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

मुजफ्फरनगर के थाना पुरकाजी क्षेत्र के गांव मांडला निवासी सागर पुत्र फरीद पिछली 6 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। अगले दिन थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। रात्रि में परिजनों को सागर की पत्नी आशिया व सौतेले भाई सुहेल पर शक हुआ।

शक होने पर उन्होंने दोनों से कड़ाई से पूछताछ की तो दोनों ने हत्या की बात को कबूल की।उसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने महिला व मृतक के सौतेले भाई को हिरासत में ले लिया।

बताया गया है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। सागर इस प्रेम प्रसंग का विरोध करता था। इसी कारण दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। शव को पहले सेप्टिक टैंक में डाल दिया। उसके बाद शव वहां से निकालकर निर्माणाधीन मकान में गड्ढा खोदकर दबा दिया गया।

एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि दोनों की निशानदेही पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गड्ढा खोदकर मृतक का शव बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights