कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मजदूर दिवस को बेहद खास बताया है। खड़गे ने कहा कि आज मजदूर दिवस है और आज का दिन मेरे लिए विशेष है। खड़गे ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि मैंने अपने जीवन की शुरुआत मजदूरों के अधिकार की वकालत करते हुए की थी।

यही नहीं केंद्र सरकार में श्रम मंत्री के रूप में मैंने श्रमिकों के जीवन को सरल एवं सुखद बनाने के कई प्रयास किए। मल्लिकार्जुन खड़गे ने मजदूर दिवस पर सोशल मीडिया पर पोस्ट करके लिखा देश की आधारशिला रखने में हमारे श्रमिकों का अद्वितीय योगदान होता है।

घंटों कड़ी मेहनत, कठिन परिश्रम और जद्दोजहद कर वो राष्ट्र निर्माण में अपनी अभिन्न भागीदारी सुनिश्चित करते है। 18वें लोकसभा चुनाव देश के श्रमिकों, मज़दूरों और कामगारों के अधिकारों को सुरक्षित करने का मौक़ा है।

इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने 5 न्याय और 25 गारंटी दी है। हमारा “श्रमिक न्याय” ख़ासकर मज़दूरों को पर्याप्त पारिश्रमिक और उनका शोषण से बचाने के लिए अनेकों क्रांतिकारी कदम ले कर आया है।

खड़गे ने कांग्रेस की ओर से दी जा रही पांच गारंटियों का भी जिक्र किया। जिसमे स्वास्थ्य का अधिकार, श्रम का सम्मान, शहरी रोजगार गारंटी, सामाजिक सुरक्षा और सुरक्षित रोजगार शामिल है।

खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की गारंटी है कि हमारी सरकार बनने के बाद हम मज़दूरों, कामगारों और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले बहन-भाईयों का आत्मसम्मान सुनिश्चित करेंगे। श्रमिक न्याय के अंतर्गत इन 5 गारंटी को अक्षरशः लागू करेंगे। श्रमेव जयते, जय हिन्द !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights