प्रयागराज जिले में आज एक बड़ा हादसा हो गया। यहां पर एक तेज रफ्तार वाहन ने महाकुंभ जा रहे तीन श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में तीनों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। अन्य श्रद्धालुओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।

महाकुंभ में स्नान के लिए जा रहे थे सभी श्रद्धालु  
जानकारी के अनुसार, हादसा उतरांव थाना इलाके में नागनाथपुर नेशनल हाईवे  के पास हुआ। यहां पर एक बस में सवार श्रद्धालु महाकुंभ में स्नान करने जा रहे थे। सभी महाकुंभ जाने के लिए बहुत खुश थे। तड़के 5:30 बजे के करीब नागनाथपुर नेशनल हाईवे के पास पेट्रोल पंप पर बस रोक दी गई। बस हाईवे के किनारे खड़ी कर दी। इस बीच सभी श्रद्धालु दैनिक क्रिया के लिए गए। वहीं, तीन महिला श्रद्धालु नेशनल हाईवे क्रॉस कर बने डिवाइडर के पास गई थीं। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीन श्रद्धालुओं को कुचल दिया। तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव  
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। बस में सवार सभी श्रद्धालुओं में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी और तीनों महिला श्रद्धालु की शिनाख्त की। मृतकों की पहचान जगोरी महतो (45) पत्नी कृष्णु किशोर महतो, कुंती महतो (70) पत्नी चीनी वास महतो, अल्पना महतो (47) पत्नी बाबू लाल महतो निवासी गोपालाडीह जिला पुरुलिया पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। वहीं, पुलिस अज्ञात वाहन की खोज करने के लिए सीसीटीवी खंगाल रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights