बिजनौर के घनुवाला गांव में नववर्ष की रात गांव में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब सुबह ग्रामीणों ने जंगल की ओर जाते हुए एक खेत में ईसाई धर्म का क्रॉस चिन्ह देखा। यह चिन्ह लोहे के सरिये से बनाया गया था और उसके पास फूल व मोमबत्तियां रखी हुई थीं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
बताया जा रहा है कि यह भूमि शिवचरन सिंह के परिवार से जुड़ी है और उसी क्षेत्र में पहले भी धर्मांतरण को लेकर विवाद सामने आ चुका है। जैसे ही ग्रामीणों ने खेत में बना क्रॉस चिन्ह देखा, सूचना पूरे गांव में फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। स्थिति बिगड़ती देख गांव में तनाव का माहौल बन गया।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया।
एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह, सीओ सिटी संग्राम सिंह और शहर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और दोनों पक्षों से बातचीत कर हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की। एहतियातन गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न घटे। इस दौरान हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में गांव पहुंचे और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि घनुवाला गांव में एक विवादित भूमि पर ईसाई धर्म का क्रॉस चिन्ह लगाया गया है। SDM और CO के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टया मामला भूमि विवाद से जुड़ा हुआ है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
