पिछले काफी सालों से कावड़ यात्रा के दौरान कुछ हिंसाओं की घटनाओं को देखा और सुना गया। ताजा जानकारी बाराबंकी जिले से आ रही है। जहां कुछ नशे में लीन युवकों ने कावड़ ले जा रहे लोगों के साथ विवाद किया। मामला बढ़ गया जिसके बाद दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र में स्थित भगौलीतीर्थ प्रसन्न नाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर लोधेश्वर महादेव रामनगर जाते समय कांवड़ियों से कथित तौर पर नशे में धुत कुछ युवकों की झड़प हो गई।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार सीतापुर जिले से आए कांवड़ियों के एक जत्थे का ग्राम चंदूरा के निकट कुछ युवकों से रविवार रात करीब 11 बजे विवाद हो गया जिसके बाद कथित तौर पर नशे में धुत कुछ युवकों ने कांवड़ियों पर हमला कर दिया। उसने बताया कि अपने बचाव में कांवड़िये ने भी विरोध किया जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया और कांवड़ियों के जत्थे को शांति पूर्वक लोधेश्वर महादेव की ओर रवाना किया।

इस घटना के बाद पूरे मार्ग पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई। फतेहपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) जगतराम कनौजिया ने बताया कि एक दुकान पर कुछ युवकों से कहासुनी व झड़प की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया गया है और शांतिपूर्ण ढंग से कांवड़ यात्रा जारी है। किसी को कोई चोट नहीं आई है। फतेहपुर के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) कार्तिकेय सिंह ने बताया कि कांवड़ियों के जत्थे में शामिल सभी श्रद्धालुओं को पुलिस सुरक्षा में लोधेश्वर महादेवा की ओर भेजा गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights