शाहपुर पुलिस की मंगलवार सुबह पलडी बाईपास पर बाइक सवार पांच बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एक बदमाश मौके से फरार होने में कामयाब रहा। इस गैंग ने कुछ दिन पूर्व भारत फाइनेंस के कर्मचारी से तीन लाख रुपए की नगदी व अन्य सामान लूटा था। फरार बदमाश की पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता करते हुए एसएसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह शाहपुर पुलिस व क्राइम ब्रांच ने पलड़ी बाईपास के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार पांच बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। घेराबंदी करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश प्रवीण उर्फ लड्डू ग्राम रुहासा थाना दौराला जनपद मेरठ घायल हो गया। पुलिस ने उसके साथी सुमित राणा निवासी ग्राम इनायतपुर थाना मसूरी जनपद गाजियाबाद, रणधावा सिसोदिया ग्राम खटाना थाना जारजा जनपद गौतमबुद्ध नगर , प्रवीण निवासी खोकनी थाना ककरोली को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों से पुलिस ने 72 हज़ार की नगदी, दो बाइक, एक सैमसंग टेबलेट, तीन तमंचे बरामद किए हैं। उनका एक साथी सुमित पाल निवासी सिकरेडा थाना सिखेड़ा मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि इस गैंग ने 10 जनवरी को पलड़ी राजवाहे के पास भारत फाइनेंस कर्मचारी सन्नी निवासी आमिरनगर थाना तितावी से तीन लाख रुपए की नगदी व अन्य सामान लूटा था। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
एसएसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि घायल प्रवीण उर्फ गुड्डू व फरार आरोपी सुमित पाल एक साथ जेल में बंद रह चुके है। दस दिसम्बर को दोनों एक साथ कोर्ट में तारीख पर आए थे। वहीं दोनों ने मिलकर भारत फाइनेंस के क्लेक्शन एजेंट से लूट की योजना बनाई थी। फरार आरोपी ने बताया था कि प्रत्येक बुधवार के दिन भारत फाइनेंस का कर्मचारी कैश लेकर जाता है। योजना के मुताबिक दोनों ने नोएडा से बाइक चोरी की और 27 दिसम्बर व 3 जनवरी को लूट की योजना को अंजाम देने के लिए पहंुचे, लेकिन घटना करने में असफल रहे। वहीं दस जनवरी को अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद गैंग के साथी मौके से फरार हो गए और रकम आपस में बांट ली।
